BREAKING

मासूम की नाले में डूबने से मौत, थाना प्रभारी ने दिखाई मानवता - शव को गोद में उठाकर पहुंचाया अस्पताल

Farrukhabad Bulletin


रेहान खान (ब्यूरो चीफ)

फर्रुखाबाद। थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के मोहल्ला ढुइयां चुंगी में शनिवार शाम एक हृदयविदारक हादसा हो गया। मोहल्ला निवासी आकाश शाक्य के 5 वर्षीय इकलौते पुत्र रियांश शाक्य की नाले में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब 5 बजे रियांश घर के बाहर निकला था, तभी पैर फिसलने से वह घर के सामने से गुजर रहे नाले में गिर गया। उस समय मूसलाधार बारिश के चलते नाले में पानी का तेज बहाव था, जिससे मासूम बह गया। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की और पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, सीओ सिटी अभय वर्मा, थाना प्रभारी अजब सिंह, बीबीगंज चौकी इंचार्ज काशिफ हनीफ, उपनिरीक्षक यतेंद्र सिंह, कांस्टेबल सौरभ चौधरी, नितिन कुमार, नरेश गुर्जर, सुबोध यादव, अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार के साथ NDRF और फायर ब्रिगेड की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और देर रात तक सर्च अभियान चलाया।

रविवार सुबह करीब 8 बजे करबला के पास ग्राम भोपाल नगला में सुधाकर शाक्य और दिलेराम शाक्य के गोभी के खेत की मेड़ के बीच मासूम का शव मिला। बताया गया कि नाले का पानी पुतिया के रास्ते दूसरी ओर जाता है, इसलिए शव बहकर खेत तक पहुंच गया।

मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी अजब सिंह ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए मासूम के शव को अपने हाथों में उठाकर निजी वाहन से लोहिया अस्पताल भिजवाया। उनके इस कार्य की स्थानीय लोगों में खूब सराहना हो रही है।

थाना प्रभारी अजब सिंह ने बताया कि बच्चा कल शाम 5 बजे नाले में गिर गया था, कई टीमों ने रातभर तलाश की, आज सुबह खेत में शव मिला है, जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। मृतक रियांश अपने पिता आकाश शाक्य पुत्र स्व. मानसिंह का इकलौता बेटा था। परिवार में मां कोमल और दादी सुखदेवी का रो-रोकर बुरा हाल है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!