Farrukhabad :(रेहान खान ब्यूरो चीफ) शहर के नवभारत सभा भवन में कठेरिया समाज कल्याण समिति ने मेधावी छात्र-छात्राओं का पंचम सम्मान समारोह आयोजित किया। इसमें 110 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि विधायक किशनी बृजेश कुमार कठेरिया, अति विशिष्ट अतिथि केपी सिंह, डॉ. अजय कुमार सिंह, रघुवीर सिंह कठेरिया, अजीत सिंह कठेरिया और कुलदीप कठेरिया ने तथागत बुद्ध और डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर फूल चढ़ाकर की।
कुलदीप सिंह कठेरिया ने त्रिशरण का पाठ कराया। इसके बाद सभी लोगों ने सामूहिक रूप से पंचशील ग्रहण किया।
बृजेश कुमार कठेरिया ने लोगों से बच्चों को शिक्षित करने और उनका भविष्य बनाने की अपील की। उन्होंने समाज के लोगों को आने वाले पंचायत चुनाव में जोरदार तरीके से चुनाव लड़ने का सुझाव दिया।
सेवानिवृत्त अपर आयुक्त सहकारिता केपी सिंह ने समाज के संपन्न लोगों से धन जुटाकर गरीब बच्चों को मुफ्त शिक्षा दिलाने की अपील की।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष रमेश चंद्र कठेरिया, महामंत्री रामनिवास कठेरिया, नेत्र रोग विशेषज्ञ और समाजसेवी डॉ. अजय कुमार सिंह, समिति के महामंत्री राजेश सिंह कठेरिया, नीलम कठेरिया, धर्मेंद्र कुमार कठेरिया और नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. बृजेश वर्मा ने भी विचार रखे। वक्ताओं ने समाज के लोगों से एकजुट रहकर संगठन को मजबूत करने की अपील की।
समाज के लोगों ने स्नातक के 20, इंटर के 30 और हाईस्कूल के 60 मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र, शील्ड और डिक्शनरी देकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों को फूलमाला और पंचशील पहनाकर सम्मानित किया गया। उन्हें स्मृति चिह्न भी दिए गए।
समारोह का संचालन जिला अध्यक्ष रमेश सिंह कठेरिया और अशोक कुमार कठेरिया ने किया। अध्यक्षता रघुवीर सिंह कठेरिया ने की। समारोह में सभी लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई।
