Farrukhabad :(रेहान खान ब्यूरो चीफ ) शहर खटकपुरा सिद्दीकी मोहल्ले में दीपावली पर मित्र को मिठाई देने गए एक युवक को गोली मार दी गई। गोली लगने से वह घायल हो गया। उसे डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
अस्पताल में घायल युवक ने बताया कि वह दीपावली पर अपने मित्र से मिलने और मिठाई देने खटकपुरा गया था। रास्ते में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक से उसकी कहासुनी हो गई। बात बढ़ने पर दोनों के बीच हाथापाई और धक्का-मुक्की हुई। इसके बाद दूसरा युवक वहां से चला गया।
घायल के मुताबिक, कुछ देर बाद वह युवक अपने परिजनों और रिश्तेदारों को बुला लाया। उन्होंने मोहल्ले के पास उसका पीछा किया और गोली चला दी। घायल ने बताया कि एक ही फायर हुआ था। गोली लगने से वह जमीन पर गिर पड़ा।
युवक ने बताया कि खटकपुरा में उसकी डॉक्टर की दुकान है और वह दीपावली पर मिलने-जुलने के लिए वहां जाता रहता है।
सूचना मिलने पर परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। वे घायल को डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले गए।
घटना की जानकारी पर सीओ सिटी अभय वर्मा, शहर कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह गहलोत, उपनिरीक्षक बृजभान सिंह और उपनिरीक्षक ज्ञान प्रकाश पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल देखा और जांच शुरू की।
कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह गहलोत ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
