Farrukhabad:(रेहान खान ब्यूरो चीफ)भाई दूज पर फर्रुखाबाद रोडवेज बस स्टैंड पर यात्रियों की भीड़ जुटी। सुबह से लोग अलग-अलग रूट की बसों का इंतजार करते रहे। शाम 4 बजे तक हरदोई और एटा जाने वाली बसें नहीं पहुंचीं। बस आते ही यात्री सीट पाने के लिए दौड़े और धक्का-मुक्की हुई।
बस आने की घोषणा होते ही यात्री सीट पाने की कोशिश करने लगे। कुछ लोग छोटे बच्चों को खिड़की से बस के अंदर चढ़ाते दिखे। स्टैंड के बाहर सड़क किनारे खड़ी निजी बसों में भी यात्रियों को बैठाया जा रहा था। यात्रियों ने आरोप लगाया कि निजी बसों में उनसे मनमाना किराया लिया गया।
हरदोई जाने वाले सुरेश चंद्र ने बताया कि वे 2 घंटे से बस स्टैंड पर खड़े थे, लेकिन बस नहीं मिली। बरेली जाने वाले गौरव ने बताया कि उन्होंने जनरथ बस में रिजर्वेशन कराया था। इसके बावजूद वे 2 घंटे से इंतजार कर रहे थे और बस का तय समय निकल चुका था। पूछने पर उन्हें बताया गया कि बस जाम में फंसी है। बरेली जाने के लिए दूसरी बस भी नहीं दी गई।
सांडी जाने वाले जितेंद्र राठौर ने बताया कि वे 1 घंटे से इंतजार कर रहे थे। उनके मुताबिक, पहले बताया गया कि फर्रुखाबाद डिपो की बस हरदोई जाएगी। यात्री बस में बैठ गए तो कहा गया कि बस एटा जाएगी। अलग-अलग जानकारी मिलने से यात्रियों को एक जगह से दूसरी जगह जाना पड़ा।
एआरएम राजेश कुमार ने बताया कि फर्रुखाबाद डिपो की 116 बसें अलग-अलग रूट पर चल रही हैं। जिस रूट पर ज्यादा भीड़ होती है, वहां बस भेजी जाती है। उन्होंने कहा कि एटा और हरदोई रूट पर दोनों तरफ जाम है, इसलिए बसें समय पर नहीं पहुंच पा रही हैं।
बस स्टैंड पर पुलिसकर्मी और महिला पुलिसकर्मी तैनात थे। वे भीड़ पर नजर रख रहे थे और यात्रियों की मदद कर रहे थे।
