Farrukhabad,:(संवाददाता शाकिब ) कायमगंज में मंगलवार सुबह एक सड़क हादसे में दिल्ली के होटल मैनेजर कलीम खान (42) की मौत हो गई। रुटौल गांव के पास उनकी बाइक आगे जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा घुसी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
कलीम कायमगंज के छपट्टी मोहल्ला के रहने वाले थे। वह दिल्ली से अपनी रिश्तेदारी में एक शादी समारोह में शामिल होने आ रहे थे। बाकी रिश्तेदारों को बस से भेजा था, खुद बाइक से निकले थे।
परिजन उन्हें लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अस्पताल ने शव मोर्चरी में रखवाकर पुलिस को सूचना दी। कलीम की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। पत्नी शादिमा खान अस्पताल पहुंची।
कलीम की शादी 9 साल पहले हुई थी, उनकी कोई संतान नहीं थी। मंगलवार दोपहर पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
