*जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ने शिक्षा निदेशक से की भेंट, शिक्षक समस्याओं के समाधान को सौंपा ज्ञापन*
रेहान खान (ब्यूरो चीफ)
*प्रत्येक विद्यालय में प्रधानाध्यापक का पद सृजित करने और शत-प्रतिशत प्रोन्नति वेतनमान देने की मांग*
*लखनऊ।* उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ उत्तर प्रदेश के प्रांतीय प्रतिनिधि मंडल ने 25 सितम्बर 2026 को प्रांतीय अध्यक्ष संजय मणि त्रिपाठी के नेतृत्व में शिक्षा निदेशक बेसिक उत्तर प्रदेश अनिल भूषण चतुर्वेदी से भेंट कर शिक्षकों की समस्याओं पर विस्तार से वार्ता की और समाधान हेतु ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधि मंडल ने प्रमुखता से मांग रखी कि प्रत्येक विद्यालय में प्रधानाध्यापक का पद सृजित किया जाए तथा प्रति कक्षा न्यूनतम एक शिक्षक उपलब्ध कराया जाए। साथ ही शिक्षकों को शत-प्रतिशत प्रोन्नति वेतनमान देने हेतु शासनादेश निर्गत कराया जाए एवं प्रोन्नति वेतनमान की प्रक्रिया को मानव संपदा पोर्टल पर स्थापित किया जाए।
संगठन ने शिक्षकों के खण्ड शिक्षा अधिकारी (BEO) पद पर प्रमोशन में तेजी लाने हेतु जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित करने की मांग की। इस हेतु बनाई जाने वाली वरिष्ठता सूची में प्रधानाध्यापक के समकक्ष चयन वेतनमान में 10 वर्ष की सेवा पूर्ण कर चुके शिक्षकों को भी शामिल करने की मांग उठाई गई। साथ ही 01 दिसम्बर 2008 के बाद पदोन्नति प्राप्त शिक्षकों को 17140/18150 का लाभ दिए जाने के लंबित प्रकरण के निराकरण पर भी चर्चा हुई।
वार्ता के दौरान शिक्षा निदेशक ने संगठन की सभी मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही शिक्षकों को शत-प्रतिशत प्रोन्नति वेतनमान का शासनादेश जारी कराया जाएगा। संगठन की मांग पर उन्होंने तत्काल पटल प्रभारी को निर्देशित किया कि जनपदों में प्रोन्नति वेतनमान प्रदान करने हेतु मानव संपदा पोर्टल को अपडेट किया जाए।
शिक्षकों की BEO पद पर पदोन्नति हेतु शासन के पत्र के बावजूद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों द्वारा संज्ञान न लेने का विषय भी उठाया गया, जिस पर निदेशक महोदय ने शीघ्र आदेश निर्गत करने का आश्वासन दिया। 01 दिसम्बर 2008 के बाद पदोन्नति प्राप्त शिक्षकों को 17140/18150 का लाभ दिए जाने के मामले में संगठन का पक्ष सुनकर निदेशक ने सहमति जताते हुए शासन से पत्र जारी कराने की बात कही।
इस अवसर पर प्रतिनिधि मंडल में प्रांतीय अध्यक्ष संजय मणि त्रिपाठी, प्रांतीय महामंत्री अरूणेन्द्र कुमार वर्मा, प्रांतीय कोषाध्यक्ष मज़हर मुहम्मद खां, प्रांतीय कार्यालय मंत्री आशीष सिंह, बाराबंकी जिला अध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार वर्मा, जिला उपाध्यक्ष अरविन्द कुमार, फर्रूखाबाद जिला अध्यक्ष प्रवेश कटियार आदि पदाधिकारी उपस्थित रहे।
